HomeNEWSसीएसए के ‘दीक्षोत्सव-2026’ में इंडोर गेम्स प्रतियोगिताओं का आयोजन

सीएसए के ‘दीक्षोत्सव-2026’ में इंडोर गेम्स प्रतियोगिताओं का आयोजन

शतरंज, कैरम और टेबल टेनिस में छात्र-छात्राओं ने दिखाया दम, खेल भावना और अनुशासन का दिया संदेश

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए), कानपुर में आयोजित वार्षिक ‘दीक्षोत्सव-2026’ के अंतर्गत विश्वविद्यालय परिसर में इंडोर गेम्स प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न संकायों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता एवं छात्र कल्याण अधिष्ठाता (डीएसडब्ल्यू) डॉ. मुकेश श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता में शतरंज, कैरम एवं टेबल टेनिस की स्पर्धाएं कराई गईं। प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन एवं खेल भावना का परिचय देते हुए प्रतिस्पर्धा में हिस्सा लिया।

विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि दीक्षोत्सव केवल शैक्षणिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का भी विशेष महत्व है। इसी उद्देश्य से इंडोर गेम्स प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

पूरे आयोजन को सुचारू, अनुशासित एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने में डॉ. एस.के. विश्वास (प्रोफेसर), डॉ. अरुण कुमार (एसोसिएट प्रोफेसर) एवं डॉ. सुनील कुमार (एडीएसडब्ल्यू) की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके कुशल समन्वय एवं सतत पर्यवेक्षण में प्रतियोगिताएं सफलतापूर्वक आयोजित की गईं।

प्रतियोगिताओं का संचालन निर्धारित नियमों एवं पूर्ण निष्पक्षता के साथ किया गया। खेल विशेषज्ञ आशीष शुक्ला ने मुख्य रेफरी के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए सभी मुकाबलों का सफल संचालन किया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। आयोजन के अंत में प्रतिभागियों को नियमित खेल गतिविधियों से जुड़े रहने तथा खेल भावना को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments