
गांव-गांव जनसंपर्क कर महिलाओं एवं ग्रामीणों से किया संवाद, सपा सरकार की नीतियों से कराया अवगत
- नरेश राठौर
झांसी। समाजवादी पार्टी महिला सभा की राष्ट्रीय सचिव मनीला सिंह रोली ने 224 मऊरानीपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाकर पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों, महिलाओं एवं युवाओं से संवाद स्थापित कर समाजवादी पार्टी की जनहितकारी नीतियों की जानकारी दी।
जनसंपर्क अभियान के दौरान मनीला सिंह रोली ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा किसानों, महिलाओं, युवाओं एवं गरीब वर्ग के हितों के लिए कार्य करती रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियां समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने और उन्हें सम्मान व अधिकार दिलाने के लिए समर्पित हैं।

उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की समस्याएं भी सुनीं तथा आश्वस्त किया कि समाजवादी पार्टी जनता के मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने का कार्य करेगी। इस दौरान उन्होंने महिलाओं से अधिक से अधिक संख्या में सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों में भागीदारी करने की अपील भी की।
मनीला सिंह रोली ने कहा कि जनसंपर्क अभियान के माध्यम से पार्टी की नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचाया जा रहा है, ताकि आमजन को समाजवादी पार्टी की योजनाओं और विचारों से जोड़ा जा सके।
अभियान के दौरान क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


