HomeNEWSसीएसए में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित, कुलपति ने बढ़ाया...

सीएसए में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित, कुलपति ने बढ़ाया उत्साह

कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने विद्यार्थियों से किया संवाद, पढ़ाई के साथ खेलकूद और सामाजिक गतिविधियों में भाग लेने की अपील

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए), कानपुर के कैलाश भवन प्रेक्षागृह में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों से आए विद्यार्थियों से संवाद किया और उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, उपलब्ध सुविधाओं और विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी गई।

कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की नीतियों और व्यवस्थाओं से अवगत कराते हुए कहा कि उनके सर्वांगीण विकास के लिए परिसर में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और आश्वस्त किया कि विश्वविद्यालय प्रशासन उनकी सहायता के लिए तत्पर रहेगा। उन्होंने छात्र-छात्राओं से पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए परिसर में खेल मैदान की सुविधा उपलब्ध है।

कुलपति ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) और राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) जैसी गतिविधियों से जुड़ने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों में भाग लेने से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास और सामाजिक सेवा की भावना मजबूत होती है।

कार्यक्रम में अधिष्ठाता कृषि डॉ. कौशल कुमार ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि उनका विश्वविद्यालय में प्रवेश संस्थान के लिए प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा के क्षेत्र में अपनी पहचान बना रहा है। विद्यार्थियों को यहां उपलब्ध शैक्षणिक अवसरों का लाभ उठाकर अपने ज्ञान और कौशल को विकसित करना चाहिए।

अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. मुकेश श्रीवास्तव ने पावरपॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से विश्वविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों, सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली से परिचित कराया, ताकि वे नए शैक्षणिक वातावरण में सहजता से अपनी पढ़ाई शुरू कर सकें।

इस अवसर पर सह निदेशक प्रसार डॉ. एच.पी. सिंह, निदेशक प्रसार डॉ. वी.के. त्रिपाठी, निदेशक शोध डॉ. महक सिंह, अधिष्ठाता गृह विज्ञान डॉ. सीमा सोनकर और विशिष्ट अतिथि ब्रह्माकुमारी ऋतु टक्कर सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों ने विद्यार्थियों को अपने-अपने विभागों की कार्यप्रणाली और गतिविधियों से अवगत कराया।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के समस्त अधिष्ठाता, निदेशक, शिक्षक, वैज्ञानिक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। ओरिएंटेशन कार्यक्रम के माध्यम से नवप्रवेशित विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, उपलब्ध संसाधनों और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी देकर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments