जन्माष्टमी पर नर्सरी ऑब्जरवेशन लैब में सांस्कृतिक कार्यक्रम, बाल लीलाओं और माखन चोरी की प्रस्तुतियों ने मोहा मन
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के मानव विकास विभाग एवं पारिवारिक अध्ययन विभाग के अंतर्गत संचालित नर्सरी ऑब्जरवेशन लैब में जन्माष्टमी के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नन्हे विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण और राधा की वेशभूषा में मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, माखन चोरी और गीता के संदेश पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। श्रीकृष्ण और राधा की पोशाक में सजे बच्चे बेहद आकर्षक नजर आए। बच्चों ने विधि-विधान से भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना भी की।
इस दौरान कृष्ण की बाल लीलाओं और गोपियों के साथ उनकी लीलाओं का प्रस्तुतिकरण किया गया। बच्चों ने श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप से जुड़े प्रसंगों को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से जीवंत कर दिया।
कृष्ण और राधा की वेशभूषा में बच्चों ने जीते पुरस्कार
कार्यक्रम में श्रीकृष्ण की वेशभूषा प्रतियोगिता में अद्विक सिंह ने प्रथम, कृष्णा ने द्वितीय तथा हर्ष और विनायक ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं राधा की वेशभूषा में आश्वी पांडे ने प्रथम, शालिनी ने द्वितीय तथा अंशिका और शांभवी ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम के दौरान विभाग की प्रभारी डॉ. मुक्ता गर्ग ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें चॉकलेट एवं उपहार वितरित किए। उन्होंने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं के प्रति रुचि विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में नर्सरी शिक्षिका श्रीमती रेणु का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर पीएचडी के छात्र-छात्राएं डॉ. बृजकिशोर, आरती, नीलम सहित समुदाय के अन्य लोग भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान बच्चों की प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उत्साह और उल्लास से भर दिया।


