‘सशक्त किसान, आत्मनिर्भर भारत’ थीम पर होगा उत्तर क्षेत्रीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी, कृषि नवाचार और स्टार्टअप मॉडल रहेंगे आकर्षण का केंद्र
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) कानपुर के मुख्य प्रांगण में 15 से 17 अक्टूबर 2026 तक तीन दिवसीय उत्तर क्षेत्रीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष मेले की थीम ‘सशक्त किसान, आत्मनिर्भर भारत’ रखी गई है।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने बताया कि किसान मेले में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, नई दिल्ली, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और चंडीगढ़ सहित आठ से अधिक प्रदेशों के किसान प्रतिभाग करेंगे। मेले का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, कृषि आधारित उद्योगों और नवीनतम कृषि उत्पादों की जानकारी उपलब्ध कराना है।
कृषि उत्पादों और तकनीक की लगेगी प्रदर्शनी
निदेशक प्रसार डॉ. वीके त्रिपाठी ने बताया कि मेले में कृषि यंत्र, उन्नत बीज, उर्वरक, औषधीय पौधे, हस्तकला उत्पाद, सौर ऊर्जा उपकरण, दुग्ध उत्पाद तथा प्रसंस्कृत खाद्य सामग्री का प्रदर्शन एवं बिक्री की जाएगी।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा विकसित नई फसलों की प्रजातियां, मशरूम तथा श्रीअन्न से तैयार उत्पाद इस बार मेले के प्रमुख आकर्षण होंगे। किसानों को इन उत्पादों एवं तकनीकों के बारे में विशेषज्ञों द्वारा जानकारी भी दी जाएगी।
स्मार्ट और डिजिटल कृषि पर दिखेंगे नवाचार
मीडिया प्रभारी डॉ. खलील खान ने बताया कि किसान मेले में स्मार्ट एवं डिजिटल कृषि पर आधारित विभिन्न मॉडल प्रदर्शित किए जाएंगे। विद्यार्थियों के साथ-साथ कृषि विज्ञान केंद्रों के सहयोग से किसानों द्वारा किए गए कृषि नवाचार और स्टार्टअप मॉडल भी मेले में प्रदर्शित होंगे।
इसके अलावा विभिन्न बैंक, शोध संस्थान और सरकारी विभाग अपने-अपने स्टॉल लगाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से किसानों को सरकार की कृषि एवं किसान कल्याण योजनाओं, बैंकिंग सुविधाओं, तकनीकी सहायता और संबंधित संस्थानों की उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी।
तीन दिवसीय किसान मेले में किसानों, कृषि वैज्ञानिकों, विद्यार्थियों, कृषि उद्यमियों और विभिन्न संस्थानों के बीच संवाद को बढ़ावा देने के साथ आधुनिक कृषि तकनीकों को किसानों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।


