नवाचार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और समस्या समाधान कौशल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई पहल
- दीपक कुमार
कानपुर नगर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय एवं IBM के सहयोग से ‘CSJMU BOB HACKS 2026’ पहल का शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में नवाचार की भावना विकसित करने, उनकी समस्या-समाधान क्षमता को सशक्त बनाने तथा अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कौशल प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
यह महत्वाकांक्षी पहल उत्तर प्रदेश के सात जनपदों को कवर करेगी और युवा नवप्रवर्तकों को उद्योग जगत के विशेषज्ञों के मार्गदर्शन, एंटरप्राइज-ग्रेड लर्निंग, जनरेटिव एआई टूल्स तथा वास्तविक जीवन की चुनौतियों के समाधान पर कार्य करने का अवसर प्रदान करेगी।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को तकनीकी दक्षता के साथ-साथ नवाचार आधारित सोच विकसित करने का अवसर मिलेगा, जिससे वे भविष्य की चुनौतियों के लिए स्वयं को बेहतर ढंग से तैयार कर सकेंगे। यह पहल शिक्षा और उद्योग के बीच मजबूत समन्वय स्थापित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों से आह्वान किया गया कि वे इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाएं, नवाचार के क्षेत्र में निडर होकर आगे बढ़ें और ऐसे समाधान विकसित करें जो समाज में सकारात्मक एवं सार्थक परिवर्तन ला सकें। कार्यक्रम का उद्देश्य युवा प्रतिभाओं को तकनीक आधारित नेतृत्व और सामाजिक प्रभाव वाले नवाचारों के लिए प्रेरित करना है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि CSJMU BOB HACKS 2026 विद्यार्थियों को नई तकनीकों, विशेषकर जनरेटिव एआई के क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव प्रदान कर उन्हें भविष्य के नवाचार नेतृत्व के लिए तैयार करेगा।


