सड़क पर बस खड़ी कर सवारी भरने पर कार्रवाई की चेतावनी, यातायात व्यवस्था सुधारने पर जोर
- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। पुलिस उपायुक्त यातायात रवीन्द्र कुमार के निर्देशन में सुगम यातायात योजना “रिड्यूसिंग ट्रैफिक कंजेशन (RTC) स्कीम” के अंतर्गत एसीपी स्वरूपनगर शिखर द्वारा इंडस्ट्रियल एरिया थाना फजलगंज में प्राइवेट बस ट्रेवल्स संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर में सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखना तथा सड़क पर लगने वाले अनावश्यक जाम को रोकना रहा।
बैठक के दौरान एसीपी स्वरूपनगर ने बस संचालकों एवं ट्रेवल्स प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि सभी बसों को निर्धारित यार्ड में ही खड़ा किया जाए तथा किसी भी स्थिति में सड़क पर बस खड़ी कर सवारी न भरी जाए।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि सड़क पर अवैध रूप से बस खड़ी कर यातायात बाधित करने वाले संचालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी ट्रेवल्स संचालकों से यातायात नियमों का पूर्ण पालन करने एवं पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई, ताकि आमजन को बेहतर एवं सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।
बैठक में थाना प्रभारी फजलगंज, टीआई मध्य जोन, सेक्टर प्रभारी फजलगंज सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे।


