सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद टेलीकॉम मंत्रालय सक्रिय, मैसेजिंग ऐप्स के लिए अनिवार्य हुई ‘सिम बाइंडिंग’

- समय टुडे डेस्क।
साइबर धोखाधड़ी पर लगाम कसने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद दूरसंचार विभाग (DoT) ने व्हाट्सएप, टेलीग्राम, सिग्नल और स्नैपचैट जैसे मैसेजिंग ऐप्स के लिए सिम बाइंडिंग लागू करने का आदेश जारी किया है।
नए नियम के तहत अब हर मैसेजिंग ऐप उसी सक्रिय सिम कार्ड से लिंक रहेगा, जिससे यूज़र ने रजिस्ट्रेशन किया है। यदि सिम कार्ड बदल दिया जाता है, तो ऐप 6 घंटे के भीतर ऑटो-लॉगआउट हो जाएगा। दोबारा लॉगिन करने के लिए भी उसी मोबाइल नंबर की आवश्यकता होगी। कंपनियों को यह व्यवस्था 90 दिनों के भीतर लागू करनी होगी।
धोखाधड़ी रोकने के लिए कड़े नियम
सरकार ने कहा है कि साइबर अपराधी अक्सर सिम बदलकर या निष्क्रिय करके भी मैसेजिंग ऐप्स का उपयोग जारी रखते हैं, जिससे धोखाधड़ी और फिशिंग आसानी से की जाती है। नई व्यवस्था इस दुरुपयोग को रोकने में मदद करेगी, खासकर उन मामलों में जहां अपराधी विदेश से ऑपरेट करते हैं।
फरवरी 2026 से, मैसेजिंग ऐप्स के वेब वर्ज़न को भी हर 6 घंटे में ऑटो-लॉगआउट करना होगा। दोबारा एक्सेस के लिए नया क्यूआर कोड स्कैन कर प्रमाणिकता साबित करनी होगी।
DoT का स्पष्ट निर्देश
दूरसंचार विभाग ने स्पष्ट किया है कि जो ऐप्स भारतीय मोबाइल नंबर के आधार पर यूज़र आइडेंटिफिकेशन या सेवा उपलब्ध कराते हैं, उन्हें अनिवार्य रूप से इस नियम का पालन करना होगा।
सिम बाइंडिंग पहले से ही बैंकिंग और UPI सिस्टम में लागू है, और अब इसे फिशिंग, डिजिटल गिरफ्तारी, प्रतिरूपण और निवेश धोखाधड़ी से निपटने के लिए मैसेजिंग ऐप्स तक बढ़ाया गया है।
नए स्मार्टफोन्स में ‘Sanchar Saathi’ ऐप प्री-इंस्टॉल्ड होगा
सरकार ने मोबाइल कंपनियों को निर्देश दिया है कि नए लॉन्च होने वाले सभी स्मार्टफोन्स में Sanchar Saathi ऐप पहले से इंस्टॉल होना चाहिए। यह ऐप चोरी, फ्रॉड और फर्जी सिम गतिविधियों की रिपोर्टिंग में मदद करता है।
Apple, Samsung, Vivo और Oppo समेत सभी प्रमुख मोबाइल निर्माताओं को इसके लिए 9 महीने की समयसीमा दी गई है।
यह भी अनिवार्य किया गया है कि:
- यूज़र इस ऐप को डिलीट या अनइंस्टॉल न कर सकें
- पुराने बिक चुके फोन में भी सॉफ्टवेयर अपडेट के जरिए इस ऐप को जोड़ा जाए
- 90 दिनों के भीतर सभी नए उपकरणों में ऐप पहले से मौजूद होना चाहिए



