माल रोड स्थित प्रतिमा स्थल का कराया गया सौंदर्यीकरण, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अर्पित किए श्रद्धासुमन
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। आर्यनगर विधानसभा क्षेत्र के माल रोड स्थित भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी की प्रतिमा स्थल के सौंदर्यीकरण कार्य का मंगलवार को आर्यनगर विधायक अमिताभ बाजपेयी ने लोकार्पण किया।
इस अवसर पर विधायक अमिताभ बाजपेयी ने कहा कि स्वर्गीय इंदिरा गांधी के सम्मान एवं उनकी स्मृति को संजोए रखने के उद्देश्य से प्रतिमा स्थल का सौंदर्यीकरण कराया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थल ऐतिहासिक एवं राजनीतिक विरासत से जुड़े होते हैं, जिनका संरक्षण आवश्यक है।
वहीं, प्रतिमा स्थल के मुख्य द्वार के बाहर कुछ लोगों द्वारा बनाए गए कथित अवैध चबूतरे को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने मानव श्रृंखला बनाकर विरोध दर्ज कराया।
कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष पवन गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष हरप्रकाश अग्निहोत्री, मदन मोहन शुक्ला, रामगोपाल पुरी, नीरज सिंह, पार्षद रजत बाजपेयी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस एवं समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता तथा क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया।


