
जिलाधिकारी अशोक कुमार और नगरपालिका अध्यक्ष कुलदीप निषाद ने हरी झंडी दिखाकर व गुब्बारे छोड़कर किया उद्घाटन
- सती कुशवाहा
हमीरपुर। राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम, हमीरपुर में तीन दिवसीय जनपद स्तरीय शैक्षिक खेलकूद प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ जिलाधिकारी अशोक कुमार और नगरपालिका अध्यक्ष कुलदीप निषाद ने हरी झंडी दिखाकर तथा गुब्बारे छोड़कर किया। प्रतियोगिता के शुरू होते ही बालक एवं बालिका वर्ग की एथलेटिक्स स्पर्धाओं का भी आगाज हुआ। आयोजन में प्रतिभागी खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अशोक कुमार ने कहा कि हमीरपुर के लिए यह गौरव की बात है कि प्रतियोगिता का आयोजन ऐसे ऐतिहासिक स्टेडियम में हो रहा है, जहां हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद ने अपने खेल जीवन की शुरुआत की थी। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से अनुशासन, आत्मविश्वास, परिश्रम, खेल भावना और आपसी भाईचारे जैसे गुणों का विकास होता है।
जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हार और जीत खेल का अभिन्न हिस्सा हैं। प्रतियोगिता में हारने वाले खिलाड़ियों को निराश होने के बजाय अपनी कमियों को पहचानकर उनसे सीख लेनी चाहिए और आगे बेहतर प्रदर्शन के लिए अधिक मेहनत करनी चाहिए। वहीं, विजेता खिलाड़ियों को अपनी सफलता से प्रेरणा लेते हुए मंडल, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जनपद एवं देश का नाम रोशन करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।

उन्होंने सभी प्रतिभागी बालक-बालिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए अनुशासन और सकारात्मक खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का संदेश दिया। साथ ही प्रतियोगिता को निष्पक्ष, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए कोचों तथा आयोजन से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित गणमान्य नागरिकों, शिक्षकों, पत्रकारों और नन्हे-मुन्ने खिलाड़ियों का अभिनंदन किया गया। आयोजकों ने प्रतियोगिता के सफल संचालन और सुखद समापन की कामना की।
इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारी, खेल प्रशिक्षक, कोच, शिक्षकगण, प्रतिभागी खिलाड़ी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


