
आत्मरक्षा एवं स्वसुरक्षा कार्यशाला में बच्चों को सुरक्षित रहने के तरीके बताए, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
- पूजा परिहार
झांसी। सामाजिक संस्था नवप्रभात की महिला प्रकोष्ठ एवं महिला हेल्पलाइन ‘वेदना एक दर्द-जनसंदेश समूह’ की ओर से उत्तर प्रदेश शासन के मिशन शक्ति फेस-5.0 अभियान के अंतर्गत लिटिल एंजल मॉडर्न पब्लिक स्कूल में आत्मरक्षा एवं स्वसुरक्षा जनजागृति कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विद्यार्थियों को गुड टच-बैड टच, व्यक्तिगत सुरक्षा और आपात स्थिति में सहायता लेने के तरीकों के बारे में जागरूक किया गया।
कार्यशाला का शुभारंभ विद्यार्थियों को ‘सजग शिक्षार्थी- सुरक्षित शिक्षार्थी’ की अवधारणा समझाते हुए किया गया। बच्चों को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी संदिग्ध परिस्थिति में तुरंत विश्वसनीय व्यक्ति से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विद्यालय की प्रधानाचार्य नीलम साहू रहीं, जबकि अध्यक्षता संस्था की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपम अग्रवाल ने की। रूपम अग्रवाल ने खिलौना गुड़िया के माध्यम से बच्चों को सामान्य जीवन में होने वाले गुड टच और बैड टच की पहचान करने के तरीके समझाए।
उन्होंने बताया कि बच्चों को यह समझना जरूरी है कि यदि कोई व्यक्ति ऐसा व्यवहार करता है जिससे उन्हें असहज या असुरक्षित महसूस हो, तो उन्हें चुप नहीं रहना चाहिए। विद्यार्थियों ने भी अपनी जिज्ञासाओं और सवालों को खुलकर सामने रखा, जिनका उनकी आयु और समझ के अनुरूप सरल तरीके से जवाब दिया गया।
कार्यशाला में अनुशासन प्रभारी सौरभ अवस्थी ने विद्यार्थियों को घर से स्कूल आने-जाने और दैनिक जीवन में आसपास के माहौल के प्रति सतर्क रहने की जानकारी दी। उन्होंने आपात परिस्थितियों में उपलब्ध सहायता के बारे में बताते हुए 112 पुलिस हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन और 181 महिला हेल्पलाइन की जानकारी दी।
समूह सखी रंजना तिवारी ने बच्चों को अनजान लोगों से खाने-पीने की वस्तुएं न लेने और बिना अभिभावकों को बताए किसी अपरिचित व्यक्ति के साथ कहीं न जाने के लिए जागरूक किया। उन्होंने कहा कि यदि किसी परिचित या अपरिचित व्यक्ति द्वारा गलत व्यवहार किया जाता है तो बच्चे बिना डर और संकोच के इसकी जानकारी अपने माता-पिता, बड़े भाई-बहन या शिक्षक को दें।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और अपनी सुरक्षा को लेकर पूछे गए सवालों के जवाब प्राप्त किए। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने स्वयं की सुरक्षा के प्रति सजग रहने और किसी भी गलत व्यवहार के खिलाफ आवाज उठाने का संकल्प लिया।

कार्यशाला के समापन पर विद्यालय प्रबंधन समिति ने बच्चों, विशेषकर बालिकाओं की सुरक्षा और नारी अस्मिता के संरक्षण के लिए संस्था द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। संस्था के सदस्यों को गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने तालियां बजाकर संस्था के सदस्यों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का संचालन संस्था महिला हेल्पलाइन एवं अनुशासन निगरानी प्रभारी सौरभ अवस्थी ने किया और सभी अतिथियों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यशाला को सफल बनाने में रूपम अग्रवाल, प्रिया अवस्थी, रंजना तिवारी सहित विद्यालय की अध्यापिकाओं, स्टाफ सदस्यों एवं मीडिया विभाग के सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


