ढाई वर्ष से था फरार, चोरी के आभूषण, नकदी और अवैध तमंचा बरामद; गैंगस्टर एक्ट में होगी कार्रवाई
- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। थाना सजेती पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ₹20 हजार के इनामी अंतरजनपदीय शातिर चोर अंशु उर्फ अंशुमान सचान को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पिछले लगभग ढाई वर्ष से फरार चल रहा था और विभिन्न थानों में दर्ज कई मामलों में वांछित था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर थाना सजेती क्षेत्र में हुई दो चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए नकद धनराशि, बड़ी मात्रा में चोरी के आभूषण तथा एक अवैध तमंचा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में आरोपी के खिलाफ करीब 15 आपराधिक मुकदमे सामने आए हैं। इनमें कानपुर के अलावा फतेहपुर सहित अन्य जनपदों में दर्ज मामले भी शामिल हैं। उसका विस्तृत आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बंद मकानों की रेकी कर अथवा रात के समय घरों में घुसकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। उसकी गिरफ्तारी से सजेती, घाटमपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की हिस्ट्रीशीट खोली जा रही है। साथ ही उसके फरार साथियों की तलाश तेज कर पूरे गिरोह के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेन्द्रनाथ चौधरी ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।


