महंगाई, आरक्षण और बिजली संकट को लेकर सरकार पर साधा निशाना
- अखिलेश कुमार अग्रहरि
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सस्ती लोकप्रियता के लिए सत्ता का दुरुपयोग लोकतंत्र के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि निर्दोषों के साथ अन्याय करना भाजपा अपनी सफलता मानती है और बुलडोजर की कार्रवाई को ताकत का प्रतीक समझती है, जबकि यह लोकतंत्र के खिलाफ है।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय, लखनऊ में विभिन्न जिलों से आए नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सरकारों को संवेदनशील और मानवीय आचरण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को वैकल्पिक व्यवस्था के बिना बेघर करना उचित नहीं है। साथ ही झूठे मुकदमों और फर्जी मुठभेड़ों के जरिए सत्ता का दुरुपयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
उन्होंने भाजपा सरकार पर महंगाई और भ्रष्टाचार बढ़ाने का आरोप लगाते हुए कहा कि डीजल, पेट्रोल, गैस सिलेंडर समेत सभी आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। सरकार पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने में लगी है और आम जनता परेशान है। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी “दाम बांधो नीति” के माध्यम से महंगाई पर नियंत्रण के लिए प्रतिबद्ध है।
आरक्षण के मुद्दे पर भी उन्होंने भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि सरकार पीडीए वर्ग के साथ अन्याय कर रही है और आरक्षण को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसान, नौजवान और गरीब वर्ग भाजपा सरकार से परेशान हैं तथा जनता ने सरकार को हटाने का मन बना लिया है।
अखिलेश यादव ने प्रदेश में बिजली संकट, खाद की कमी और शिक्षा-स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर भी सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अपने कार्यकाल में बिजली उत्पादन बढ़ाने में विफल रही, जबकि बिजली की दरें बढ़ाकर जनता पर अतिरिक्त बोझ डाला गया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बूथ स्तर पर सक्रिय रहने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी की सरकार बनाना चाहती है। समाजवादी सरकार बनने पर दवाई और पढ़ाई सस्ती होगी, किसानों को फसलों का उचित मूल्य मिलेगा तथा युवाओं को रोजगार और नौकरी के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
इस अवसर पर सांसद अवधेश प्रसाद, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


