भाजपा कानपुर उत्तर की बैठक में अभियान की रूपरेखा तय, बूथ स्तर तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम
- सौम्या पाण्डेय
कानपुर नगर। भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक सोमवार को नवीन मार्केट स्थित जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में 23 जून को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस से लेकर 6 जुलाई को उनकी जयंती तक चलने वाले ‘डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मरण अभियान’ की तैयारियों एवं कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के लिए समर्पित रहा। उनका बलिदान देश की अखंडता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्मरण अभियान के माध्यम से कार्यकर्ता उनके विचारों, संघर्ष और राष्ट्रसेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
उन्होंने बताया कि 23 जून से 6 जुलाई तक जिले के प्रत्येक बूथ एवं मंडल स्तर पर श्रद्धांजलि सभाएं, पुष्पांजलि कार्यक्रम, विचार गोष्ठियां, संगोष्ठियां, प्रदर्शनी, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान तथा जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों में समाज के विभिन्न वर्गों, युवाओं, प्रबुद्धजनों एवं आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने अभियान की सफलता के लिए पदाधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपते हुए इसे जनभागीदारी का उत्सव बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों को घर-घर तक पहुंचाना ही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि अभियान के लिए जिला उपाध्यक्ष सत्यम गुप्ता को संयोजक बनाया गया है, जबकि जिला मंत्री पारस मदान, किरण तिवारी एवं शालिनी कटियार को सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बैठक में जिला महामंत्री अवधेश सोनकर, अभिनव दीक्षित, प्रमोद विश्वकर्मा, जन्मेजय सिंह, सतेंद्र नाथ पांडेय, सीमा एमबीए, नवाब सिंह, विनोद पाल, मोनेन्द्र राजपूत, जीतू कश्यप, प्रशांत त्रिपाठी, पूनम कंवर, सुरेश गुप्ता, जिशान अहमद एवं श्याम कुमार सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।


