Entertainment

टीवी अभिनेता गौरव खन्ना बने ‘बिग बॉस 19’ के विजेता, मिली 50 लाख रुपये की इनामी राशि

  • समय टुडे डेस्क।

टीवी अभिनेता गौरव खन्ना ने रियलिटी शो ‘बिग बॉस 19’ का खिताब जीत लिया। उन्होंने फाइनल में अपनी प्रतिद्वंद्वी फरहाना भट्ट को पछाड़ते हुए ट्रॉफी अपने नाम की। शो के मेजबान सलमान खान ने खन्ना को 50 लाख रुपये से अधिक की इनामी राशि और ट्रॉफी प्रदान की।

खन्ना ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में कहा कि शो के दौरान उन्हें दर्शकों का भरपूर प्यार मिला और वे पूरे सीजन में बिना किसी बनावट के स्वाभाविक बने रहे। उन्होंने कहा कि उनके लिए सबसे भावुक पल वह था जब सलमान खान ने उनके साथ काम करने की इच्छा जताई।

‘अनुपमा’ और ‘सीआईडी’ में अपनी भूमिकाओं के लिए जाने जाने वाले खन्ना ने बताया कि वह इनामी राशि को समझदारी से निवेश करने की योजना बना रहे हैं।

फरहाना भट्ट शो की उप-विजेता रहीं। ‘लैला मजनू’ और ‘नोटबुक’ जैसी फिल्मों में अभिनय कर चुकीं भट्ट ने कहा कि उनकी नजर ट्रॉफी पर नहीं थी; उनका लक्ष्य दर्शकों का दिल जीतना था, जो उन्हें शो के दौरान भरपूर मिला।

‘स्टैंड-अप कॉमेडियन’ प्रणीत मोरे तीसरे स्थान पर रहे, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर तान्या मित्तल चौथे स्थान पर और संगीतकार अमाल मलिक पांचवें स्थान पर रहे।

ग्रैंड फिनाले में अभिनेता कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे अपनी फिल्म ‘तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी’ के प्रमोशन के लिए पहुंचे। इसके अलावा टीवी अभिनेता करण कुंद्रा, सनी लियोनी और भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह भी कार्यक्रम में मौजूद थे।
फिनाले के दौरान सलमान खान ने दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि भी दी।

Related Articles

Back to top button