औरैया नलकूप ऑपरेटर हत्याकांड का खुलासा, 36 घंटे में आरोपी गिरफ्तार, लाइसेंसी रिवॉल्वर बरामद

- दीपांशु सावरन
औरैया। जनपद औरैया के कोतवाली क्षेत्र में हुए नलकूप ऑपरेटर हत्याकांड का पुलिस ने 36 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया है। थाना कोतवाली औरैया व एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी रिवॉल्वर, जिंदा कारतूस और खोखा बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार यह घटना 29 दिसंबर 2025 की रात लगभग 9:30 बजे की है। गोविंद नगर निवासी अशोक गुप्ता ने कोतवाली में सूचना दी कि उनके पुत्र किशन गुप्ता (23 वर्ष), जो नगर पालिका इंटर कॉलेज परिसर में स्थित नलकूप पर संविदा ऑपरेटर के रूप में कार्यरत थे, की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। आरोप है कि ओमजी गुप्ता उर्फ अभिषेक गुप्ता ने नलकूप के कमरे में किशन को गोली मार दी और बाद में साथियों के साथ उसे जिला अस्पताल छोड़कर फरार हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस ने मु0अ0सं0 941/25 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए तथा शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित संयुक्त पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 31 दिसंबर 2025 को एलएनजी गार्डन के पास नहर पुलिया के समीप से मुख्य आरोपी ओमजी गुप्ता (25 वर्ष) निवासी नारायणपुर थाना कोतवाली औरैया को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से एक लाइसेंसी रिवॉल्वर .32 बोर, तीन जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक किशन उसका मित्र था और घटना के समय दोनों नलकूप के कमरे में मौजूद थे। आपसी विवाद के दौरान गुस्से में आकर उसने अपने रिश्तेदार अनुप कुमार गुप्ता की लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली चला दी, जिससे किशन की मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी को संबंधित धाराओं में चालान कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही लाइसेंसी रिवॉल्वर के स्वामी अनुप कुमार गुप्ता के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 30 के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक औरैया ने मामले के त्वरित खुलासे के लिए पुलिस टीम की सराहना की है।



