सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन को मिला ‘जीवन रक्षक सम्मान’

- निखिल गुप्ता
फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन एवं जीवन रक्षक सम्मान समारोह में सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन को सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए जीवन रक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम जीवन रक्षक फाउंडेशन द्वारा आयोजित किया गया था।
सम्मान जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के पुत्र एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अभिनव सिन्हा द्वारा प्रदान किया गया। इस अवसर पर सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन की ओर से संस्था के प्रबंधक गुरमीत सिंह और सक्रिय रक्तदाता सतीश शर्मा सम्मान ग्रहण करने पहुंचे।
कार्यक्रम में फतेहपुर जनपद में रक्त सेवा के माध्यम से मानवता की सेवा कर रही सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन के कार्यों की सराहना की गई और संस्था को जीवन रक्षक सम्मान से नवाजा गया।
इस समारोह में गाजीपुर स्थित जीवन रक्षक फाउंडेशन के संस्थापक शीर्ष दीप शर्मा, सचिव डॉ. उरूज फातमा, अध्यक्ष मनीष पाल सहित उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर, वाराणसी (बनारस), भदोही, प्रयागराज समेत कई जिलों की सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में रक्तदान और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय संस्थाओं के योगदान को रेखांकित करते हुए मानवता की सेवा को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया।



