यूपी में 1.40 करोड़ लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा देने का लक्ष्य, एमडीए अभियान शुरू

- शालिनी शर्मा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 1.40 करोड़ लोगों को फाइलेरिया से बचाव की दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। देश के 12 राज्यों के 124 जनपदों में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के साथ संयुक्त रूप से मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एमडीए) अभियान की शुरुआत की गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने मंगलवार को वर्चुअल माध्यम से अभियान का शुभारंभ किया। यह जानकारी डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने दी।
विधानसभा स्थित सभागार में आयोजित कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अभियान की शुरुआत की। उत्तर प्रदेश के फाइलेरिया प्रभावित 21 जनपदों के 64 प्लानिंग यूनिटों में यह व्यापक अभियान चलाया जाएगा। अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए 12,332 टीमें और 2,246 पर्यवेक्षकों को तैनात किया गया है।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बताया कि शाहजहांपुर, बलिया, बाराबंकी, चित्रकूट, उन्नाव, प्रतापगढ़, अयोध्या, भदोही, हरदोई, कौशांबी, प्रयागराज, सोनभद्र, अंबेडकरनगर, औरैया, बहराइच, बांदा, फतेहपुर, खीरी, लखनऊ, पीलीभीत और रायबरेली सहित 21 जनपदों में अभियान संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फाइलेरिया के दुष्प्रभाव से मानव जीवन, कार्यक्षमता और उत्पादकता प्रभावित होती है, इसलिए इससे बचाव अत्यंत आवश्यक है। सभी आयुष्मान आरोग्य केंद्रों पर फाइलेरिया की दवा उपलब्ध कराई गई है।
इस अवसर पर राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, अपर मुख्य सचिव (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) अमित घोष, डीजी हेल्थ डॉ. पवन कुमार, एमडी एनएचएम पिंकी जोएल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



