भारत मंडपम में हंगामा: एआई शिखर सम्मेलन के दौरान विरोध, युवा कांग्रेस के 4 कार्यकर्ता हिरासत में

- नेहा पाठक
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी स्थित भारत मंडपम में शुक्रवार को आयोजित एआई शिखर सम्मेलन के दौरान विरोध प्रदर्शन करने पर दिल्ली पुलिस ने भारतीय युवा कांग्रेस के चार कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया जाएगा।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच काफी देर तक नोकझोंक हुई और मामले में गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। जांच एजेंसियां इस घटना को संभावित साजिश के रूप में भी देख रही हैं।
सूत्रों के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने शुरुआत में काले रंग की छतरियों के साथ कार्यक्रम स्थल में प्रवेश करने की योजना बनाई थी, जिन पर संदेश वाले स्टिकर लगे थे। हालांकि सुरक्षा जांच में पकड़े जाने की आशंका के चलते उन्होंने अपनी रणनीति बदलते हुए कथित तौर पर संदेश छपी टी-शर्ट पहन ली।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, कार्यकर्ताओं ने सम्मेलन के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराया था। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त देवेश महला ने बताया कि घटना दोपहर करीब 12:30 बजे हॉल नंबर-5 के पास हुई, जहां एक प्रदर्शनकारी ने स्वेटर और जैकेट उतारकर आपत्तिजनक संदेश वाली टी-शर्ट लहराई। उन्होंने कहा कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
इस बीच भारतीय युवा कांग्रेस ने बयान जारी कर कहा कि उसके कार्यकर्ता “समझौतावादी प्रधानमंत्री” के खिलाफ विरोध जता रहे थे और एआई शिखर सम्मेलन में देश की पहचान से समझौता किए जाने का आरोप लगाया।
वहीं भारतीय जनता पार्टी ने इस विरोध प्रदर्शन की कड़ी आलोचना की है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कांग्रेस से अपील की कि वह भारत के इस महत्वपूर्ण सम्मेलन को राजनीति से ऊपर रखे और देश के नवाचार व वैश्विक छवि को मजबूत करने में सहयोग करे।
वैष्णव ने कहा कि जब भारत तेजी से प्रगति कर रहा है और देशभर के युवा इसे नए अवसर के रूप में देख रहे हैं, तब ऐसे आयोजनों को राजनीतिक विवादों से दूर रखा जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हर पहल में बाधा डालने की मानसिकता से बाहर नहीं आ पा रही है।
गौरतलब है कि कांग्रेस नेता और लोकसभा सांसद राहुल गांधी ने भी शिखर सम्मेलन के आयोजन को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए इसे “अव्यवस्थित जनसंपर्क तमाशा” बताया था और भारतीय डेटा के दुरुपयोग की आशंका जताई थी।



