CM योगी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर सीएसए हेलीपैड का पुलिस आयुक्त ने किया निरीक्षण

- ज्योति सिंह
कानपुर नगर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय सनातन धर्म विद्यालय, नवाबगंज में प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनज़र प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन की तैयारियों को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया।
बुधवार, 05 मार्च 2026 को पुलिस आयुक्त कानपुर नगर रघुबीर लाल ने चंद्र शेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) परिसर स्थित हेलीपैड का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने हेलीपैड परिसर, आगमन एवं प्रस्थान मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग, ड्यूटी प्वाइंट, सुरक्षा घेरा तथा भीड़ नियंत्रण से जुड़ी व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए और यातायात व्यवस्था को पूरी तरह सुचारु रखा जाए।
उन्होंने विशेष रूप से संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू करने, एंटी-सैबोटाज जांच कराने तथा डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते की तैनाती सुनिश्चित करने के आदेश भी दिए गए।
इस मौके पर अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. विपिन ताडा, अपर पुलिस उपायुक्त (अभिसूचना), स्टाफ ऑफिसर एवं सहायक पुलिस आयुक्त कर्नलगंज समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस विभाग ने व्यापक रणनीति तैयार की है।



