इंस्पेक्टर की बेटी सुरभि यादव ने UPSC में 14वीं रैंक हासिल कर बढ़ाया अमरोहा का मान

कठिन परिस्थितियों में की पढ़ाई, मां के निधन के बाद पिता के साथ रहकर हासिल की बड़ी सफलता
समय टुडे डेस्क।
अमरोहा जनपद के नौगांवा सादात क्षेत्र के नसीर नंगला गांव की रहने वाली सुरभि यादव ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में 14वीं रैंक हासिल कर बड़ी उपलब्धि प्राप्त की है। उनकी इस सफलता से न केवल परिवार बल्कि पूरे जिले और प्रदेश में खुशी की लहर है।
सुरभि यादव पुलिस विभाग में तैनात इंस्पेक्टर राकेश कुमार यादव की बेटी हैं। जैसे ही उनके यूपीएससी परीक्षा में शानदार सफलता की खबर गांव पहुंची, ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल बन गया। लोगों ने इसे अमरोहा जिले के लिए गर्व का पल बताते हुए सुरभि और उनके परिवार को शुभकामनाएं दीं।

बताया जा रहा है कि सुरभि की मां का पहले ही निधन हो चुका है। इसके बाद से वह अपने पिता के साथ बरेली में रहकर पढ़ाई कर रही थीं। विपरीत परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के दम पर यह मुकाम हासिल किया।
सुरभि की इस उपलब्धि से पूरे अमरोहा जनपद में खुशी का माहौल है। गांव के लोगों और क्षेत्रवासियों का कहना है कि उनकी यह सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और आने वाली पीढ़ियों को बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रोत्साहित करेगी।



