महिला दिवस पर कानपुर में बालिकाओं का सम्मान, उत्कृष्ट छात्राओं को मिली प्रोत्साहन राशि

- ज्योति सिंह
कानपुर नगर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के अवसर पर जुपिटर ऑडिटोरियम, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद कानपुर नगर के राजकीय बाल गृह (बालिका), स्वरूप नगर में देखा गया। इस अवसर पर यहां भी विशेष कार्यक्रम आयोजित कर बालिकाओं को सम्मानित किया गया।
राजकीय बाल गृह (बालिका) परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विधायक कल्याणपुर नीलिमा कटियार, राज्य महिला आयोग की सदस्य पूनम द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन, उप निदेशक पुनीत कुमार मिश्र, जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रीति, जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास सिंह तथा अचिन्त्य फाउंडेशन की निदेशक एवं समाजसेविका दिशा अरोड़ा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान जनपद कानपुर नगर की उन बालिकाओं को सम्मानित किया गया जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्हें बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत प्रोत्साहन धनराशि प्रदान की गई। इसके साथ ही मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और बाल सेवा योजना के तहत चयनित बालिकाओं तथा विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विधायक नीलिमा कटियार ने बालिकाओं को अपने सपनों को साकार करने के लिए पूरी मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। वहीं मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन ने बालिकाओं से कहा कि वे अपनी रुचि के अनुसार प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा और क्षमता का बेहतर उपयोग करें, जिससे उनका भविष्य उज्ज्वल बन सके।
राज्य महिला आयोग की सदस्य पूनम द्विवेदी और उप निदेशक पुनीत कुमार मिश्र ने भी कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान अचिन्त्य फाउंडेशन की निदेशक दिशा अरोड़ा ने राजकीय बाल गृह (बालिका) की बालिकाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने में अपनी संस्था की ओर से सहयोग देने की पहल की।
कार्यक्रम के अंत में जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास सिंह ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनका आभार व्यक्त किया।



