NEWSUttar Pradesh

कोहना क्षेत्र में डीसीपी सेंट्रल की पैदल गश्त, नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाया विशेष चेकिंग अभियान

  • अंकित बाजपेई

कानपुर नगर। कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और नशीले पदार्थों की रोकथाम के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस उपायुक्त सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने थाना कोहना क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कम्पनी बाग चौराहा, वीआईपी रोड समेत अन्य प्रमुख स्थानों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीसीपी सेंट्रल ने तैनात पुलिस बल को संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता की भी जांच की गई और भीड़-प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए विशेष चेकिंग एवं प्रवर्तन अभियान भी चलाया गया। अभियान के तहत चिन्हित हॉट-स्पॉट्स पर सघन चेकिंग और दबिश की कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने सड़क किनारे स्थित पान मसाला की दुकानों, गुमटी और अन्य छोटी दुकानों की भी जांच की, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वहां किसी प्रकार का नशीला पदार्थ या प्रतिबंधित सामान अवैध रूप से बेचा न जा रहा हो।

इस दौरान सहायक पुलिस आयुक्त कर्नलगंज, संबंधित थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button