उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर उन्नाव में सख्त व्यवस्था, अधिकारियों ने किया परीक्षा केंद्र का निरीक्षण

- विशाल कुमार
उन्नाव। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जनपद उन्नाव में व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। इसी क्रम में शनिवार, 14 मार्च 2026 को प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उन्नाव जयप्रकाश सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अखिलेश सिंह तथा क्षेत्राधिकारी बीघापुर मधुपनाथ मिश्रा ने राजकीय पॉलिटेक्निक दही चौकी स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र पर तैनात पुलिस बल की ड्यूटी, सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश प्रबंधन सहित अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क और मुस्तैद रहकर परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।



