ईद-उल-फितर से पहले मरकाजी ईदगाह का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। आगामी ईद-उल-फितर पर्व को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में 19 मार्च 2026 को पुलिस उपायुक्त सेन्ट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने थाना बजरिया क्षेत्र स्थित मरकाजी ईदगाह (बेनाझाबर मार्ग) का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ईदगाह के आयोजकों एवं प्रबंधन समिति के सदस्यों से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने नमाज के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पर्व के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं।
इस अवसर पर अपर पुलिस उपायुक्त सेन्ट्रल अर्चना सिंह, संबंधित थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



