कानपुर देहात में भाजपा की संगठनात्मक बैठक संपन्न, आगामी रणनीति पर हुआ मंथन


संगठन मजबूती, जनसंपर्क विस्तार और आगामी अभियानों की रूपरेखा पर हुई चर्चा
- विवेक कुमार
कानपुर देहात। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला मुख्यालय पर नव नियुक्त जिला पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन को मजबूत बनाने और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल के गरिमामयी सानिध्य में जनसंपर्क अभियान को तेज करने तथा केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
इस दौरान पदाधिकारियों से अपेक्षा की गई कि वे अपने-अपने दायित्वों का निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करते हुए संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। साथ ही आगामी अभियानों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं संगठनात्मक गतिविधियों को सफल बनाने के लिए रणनीति भी तैयार की गई।
बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष रेणुका सचान सहित सभी मंडलों के पदाधिकारियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में संगठन की मजबूती और भविष्य की कार्ययोजनाओं को लेकर विस्तृत मंथन किया गया।
अंत में कार्यकर्ताओं से राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ निरंतर सक्रिय रहने और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया गया।



