मिशन शक्ति अभियान के तहत कबरई में महिलाओं को किया जागरूक

पुलिस टीम ने बाजारों में भ्रमण कर हेल्पलाइन नंबर, योजनाओं व साइबर सुरक्षा की दी जानकारी
- राकेश कुमार
महोबा। महोबा में #MissionShakti5 अभियान के अंतर्गत नारी सुरक्षा, नारी सशक्तिकरण एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कबरई थाना क्षेत्र की मिशन शक्ति टीम द्वारा प्रमुख कस्बों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें शासन द्वारा संचालित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को किसी भी आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने तथा सतर्क रहने की सलाह दी। साथ ही उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस तरह के अभियान का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें सुरक्षित माहौल प्रदान करना है।



