HomeNEWSअमेठी में पोस्टर विवाद: सपा का कड़ा रुख, एएसपी को सौंपा ज्ञापन

अमेठी में पोस्टर विवाद: सपा का कड़ा रुख, एएसपी को सौंपा ज्ञापन

आपत्तिजनक पोस्टरों को लेकर नाराज सपा कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई न होने पर आंदोलन की दी चेतावनी

  • दीक्षा त्रिवेदी

अमेठी। समाजवादी पार्टी ने हाल ही में सामने आए पोस्टर विवाद को लेकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। पार्टी ने इस मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए अल्टीमेटम जारी किया है।

यह विवाद सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ लगाए गए आपत्तिजनक पोस्टरों को लेकर सामने आया है, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

सपा जिला अध्यक्ष राम उदित यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह के कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपा।

कार्यकर्ताओं का आरोप है कि बीते दिनों जिले के कई स्थानों पर सपा प्रमुख के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्टर लगाए गए, जिससे माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई, लेकिन प्रशासन ने अब तक इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है।

जिला अध्यक्ष राम उदित यादव ने कहा कि इस तरह के पोस्टर राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ हैं और समाज में गलत संदेश देते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा प्रतीत होता है, लेकिन इसके बावजूद दोषियों पर कार्रवाई नहीं की जा रही है।

उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया, तो समाजवादी पार्टी बड़े स्तर पर आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होगी।

इस मौके पर जिला महासचिव अरशद अहमद सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस मामले ने जिले में राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments