झकरकट्टी–टाटमिल मार्ग पर डीसीपी यातायात का निरीक्षण, अतिक्रमण भी हटवाया गया
- ऋषभ कुमार
कानपुर नगर। दिनांक 10.04.2026 को पुलिस उपायुक्त यातायात रवीन्द्र कुमार द्वारा सुगम यातायात योजना “Reducing Traffic Congestion (RTC) Scheme” के प्रभावी क्रियान्वयन के क्रम में झकरकट्टी बस अड्डा से टाटमिल चौराहा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अनाधिकृत रूप से खड़ी परिवहन निगम की लगभग 60 बसों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त बिना निर्धारित कलर कोड के संचालित हो रहे 98 ऑटो एवं ई-रिक्शा के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई करते हुए चालान किए गए।

साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 10 अन्य वाहनों के विरुद्ध भी चालान किया गया तथा 03 वाहनों को सीज किया गया। इस प्रकार कुल 168 वाहनों के विरुद्ध प्रवर्तनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
कार्रवाई के दौरान झकरकट्टी बस स्टैंड के बाहर अनधिकृत रूप से लगाए गए खाने-पीने के ठेले एवं अन्य अतिक्रमण को भी हटवाया गया, जिससे यातायात में हो रही बाधा समाप्त कर आमजन को सुगम एवं निर्बाध आवागमन की सुविधा प्रदान की जा सके।
इस अवसर पर एडीसीपी यातायात कपिल देव सिंह, यातायात निरीक्षक (पूर्वी जोन-प्रथम), थाना प्रभारी बाबू पुरवा एवं थाना प्रभारी रेल बाजार सहित अन्य पुलिस बल मौजूद रहा।


