पूर्वांचल में राजभर वोट बैंक पर सपा की नजर, कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर
- शालिनी शर्मा
बलिया/लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने बलिया जिले की रहने वाली सीमा उर्फ भावना राजभर को समाजवादी महिला सभा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस फैसले के बाद जिले में खुशी की लहर है और पार्टी कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने उन्हें बधाई दी है।
खेजुरी क्षेत्र के करम्बर गांव की निवासी सीमा राजभर लंबे समय से सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रही हैं। महिलाओं के अधिकार, शिक्षा और सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के इस निर्णय को संगठन विस्तार की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। स्थानीय नेताओं का कहना है कि उनके नेतृत्व में महिला सभा और मजबूत होगी तथा महिलाओं की आवाज को नई पहचान मिलेगी।
गौरतलब है कि सीमा राजभर इससे पहले सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) की महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रह चुकी हैं। लगभग तीन वर्ष पहले उन्होंने अपने समर्थकों के साथ पार्टी से इस्तीफा दे दिया था।
समाजवादी महिला सभा की पूर्व अध्यक्ष जूही सिंह ने इस नियुक्ति की घोषणा की। पार्टी द्वारा जारी पत्र में सीमा उर्फ भावना राजभर को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपने की जानकारी दी गई है।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, इस फैसले के जरिए समाजवादी पार्टी पूर्वांचल में राजभर समाज के वोट बैंक को साधने की कोशिश कर रही है। इसे सुभासपा नेता एवं प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर के प्रभाव को संतुलित करने की रणनीति के रूप में भी देखा जा रहा है।
सपा नेताओं का मानना है कि सीमा राजभर को आगे बढ़ाना पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समीकरण को मजबूत करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।


