
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कदम, बिक्री का हिस्सा जाएगा ‘कल्याणी शिक्षा कोष’ में
- सौम्या पाण्डेय
कानपुर नगर। महिलाओं को सशक्त, आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ‘मुस्कुराए कानपुर’ की कल्याणी महिला विंग द्वारा काकादेव स्थित एक होटल में “वूमेन टॉक” कार्यक्रम एवं “ट्विंकलरी” ज्वेलरी ब्रांड का भव्य शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर जसबीर सिंह भाटिया, संस्थापक डॉ. सिधांशु राय, सह-अध्यक्ष सीए सिमरनजीत सिंह, ब्रांड एंबेसडर नेहा तिवारी, प्राचार्य प्रो. नीरू टंडन, इनरव्हील क्लब अध्यक्ष दलजीत भाटिया, वंदना निगम, शिवा अवस्थी एवं गीता कुमारी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
मुख्य अतिथि जसबीर सिंह भाटिया ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं का आर्थिक रूप से सशक्त होना समाज के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ. सिधांशु राय ने कहा कि समाज को नई दिशा देने में महिलाओं की भूमिका हमेशा अग्रणी रही है।
इस अवसर पर ट्विंकलरी ज्वेलरी ब्रांड को आधिकारिक रूप से लॉन्च किया गया। ब्रांड एंबेसडर नेहा तिवारी ने बताया कि यह प्लेटफॉर्म महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान करेगा। सह-अध्यक्ष सीए सिमरनजीत सिंह ने जानकारी दी कि ट्विंकलरी ब्रांड की बिक्री का एक हिस्सा कल्याणी शिक्षा कोष में दिया जाएगा, जिससे सामाजिक कार्यों को भी बढ़ावा मिलेगा।


प्रो. नीरू टंडन ने सुझाव दिया कि “वूमेन टॉक” जैसे संवाद कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में भी आयोजित किए जाने चाहिए। वहीं मुख्य कार्यकारी अधिकारी गीता कुमारी ने बताया कि इस पहल के माध्यम से महिलाओं को न केवल व्यवसाय से जोड़ा जाएगा, बल्कि उन्हें मार्केटिंग और ई-कॉमर्स की ट्रेनिंग भी दी जाएगी।
वंदना निगम ने कहा कि हर महिला को हुनरमंद बनाना इस पहल का लक्ष्य है, जबकि मीडिया एक्सपर्ट शिवा अवस्थी ने कहा कि रचनात्मकता और कौशल ही महिलाओं की सबसे बड़ी पूंजी होती है। इनरव्हील क्लब अध्यक्ष दलजीत भाटिया ने इसे ‘ट्विंकलरी’ और ‘कल्याणी’ का एक सशक्त संगम बताया।
कार्यक्रम का संयोजन कल्याणी सचिव दीपिका श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने बताया कि अगले तीन महीनों में 100 महिलाओं को इस ब्रांड से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम का संचालन एंकर शिवांगी द्विवेदी ने किया।
इस दौरान डॉ. कविता अरोड़ा और ‘आरोही कानपुर’ को ट्विंकलरी फेस के रूप में सम्मानित किया गया। अंत में सीमा निगम ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम में शहर की 100 से अधिक महिला उद्यमी, शिक्षिका, डॉक्टर और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहीं, जिनमें अनुप्रिया दोशी, अमन कौर, डॉ. मृदुला शुक्ला, डॉ. मंजू जैन, डॉ. दीप्ति श्रीवास्तव और शिखा अग्रवाल प्रमुख रूप से शामिल रहीं।


