
धनखाली रैली में भ्रष्टाचार, माफियाराज और कानून व्यवस्था को लेकर साधा निशाना, भाजपा के लिए मांगे वोट
- समय टुडे डेस्क।
पश्चिम बंगाल। विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान से पहले राज्य में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। प्रचार के अंतिम दिन सभी दलों ने पूरी ताकत झोंक दी। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को धनखाली विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर जमकर निशाना साधा।
अपने संबोधन में योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार, माफियाराज और कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने दावा किया कि टीएमसी के कार्यकर्ता दबंगई और जबरन कब्जे की राजनीति कर रहे हैं।

योगी ने एक उदाहरण देते हुए कहा कि कोलकाता के बड़ा बाजार इलाके में उन्होंने रवींद्रनाथ टैगोर से जुड़ी एक ऐतिहासिक हवेली पर टीएमसी के झंडे लगे देखे थे, जिन्हें बाद में कोर्ट के आदेश पर हटाना पड़ा।
उन्होंने यह भी कहा कि पहले चरण के मतदान के बाद टीएमसी कार्यकर्ताओं में डर का माहौल है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि चुनाव परिणाम आने के बाद हालात पूरी तरह बदल जाएंगे।
सभा के अंत में योगी आदित्यनाथ ने जनता से भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मतदान करने की अपील की और राज्य में ‘डबल इंजन सरकार’ बनने का भरोसा जताया।


