
लगभग ₹10 लाख कीमत के मोबाइल लौटाकर सर्विलांस टीम ने लोगों के चेहरों पर बिखेरी मुस्कान
- ऋषभ कुमार
कानपुर नगर। पश्चिम जोन कमिश्नरेट कानपुर नगर पुलिस की सर्विलांस टीम ने एक बार फिर अपनी तकनीकी दक्षता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। टीम द्वारा लगभग 10 लाख रुपये मूल्य के कुल 51 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट कानपुर नगर के निर्देशन एवं पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी के मार्गदर्शन में की गई। सर्विलांस टीम ने सीईआईआर (CEIR) पोर्टल तथा प्राप्त जनशिकायतों पर तेजी से कार्रवाई करते हुए विभिन्न स्थानों से मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए।
पुलिस द्वारा आवश्यक सत्यापन एवं विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए गए। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी और संतोष देखने को मिला।
लाभार्थियों ने कानपुर नगर पुलिस की तत्परता, तकनीकी दक्षता एवं जनसेवा के प्रति समर्पण की सराहना की और कहा कि पुलिस की इस पहल से आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि CEIR पोर्टल और आधुनिक तकनीक के माध्यम से खोए या चोरी हुए मोबाइल फोन की रिकवरी की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है, जिससे आम नागरिकों को राहत मिल सके।


