
दीपिका फिजियोथेरेपी एंड चाइल्ड डेवलपमेंट सेंटर एवं कुसुम जनकल्याण समिति ने मातृत्व को समर्पित किया कार्यक्रम
- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। दीपिका फिजियोथेरेपी एंड चाइल्ड डेवलपमेंट सेंटर एवं कुसुम जनकल्याण समिति द्वारा माताओं के सम्मान में “एक सम्मान माँ के नाम” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर उन माताओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के पालन-पोषण में संघर्ष, समर्पण और अटूट प्रेम की मिसाल पेश की है।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने मातृत्व को समाज की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए कहा कि माँ केवल जीवन ही नहीं देती, बल्कि अपने संस्कार, त्याग और स्नेह से बच्चे का भविष्य भी संवारती है। वक्ताओं ने माताओं के योगदान को ईश्वर का सर्वोत्तम रूप बताते हुए उनके सम्मान पर अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर डॉ. पूजा शुक्ला (फिजियोथेरेपिस्ट) ने माताओं को गर्भावस्था से पूर्व, गर्भावस्था के दौरान एवं प्रसव के बाद होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए शुरुआती समय से ही उचित देखभाल, पोषण, नियमित गतिविधियों और सकारात्मक वातावरण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने यह भी बताया कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को सही थेरेपी, मार्गदर्शन और निरंतर प्रोत्साहन देकर जीवन में आगे बढ़ाया जा सकता है।
कार्यक्रम के आयोजक डॉ. नरेंद्र कुमार पांडेय (संस्थापक – दीपिका चाइल्ड डेवलपमेंट सेंटर), श्रीमती मीरा पांडे (संस्थापक – कुसुम जनकल्याण समिति) एवं डॉ. पूजा श्रीवास्तव (उपाध्यक्ष – कुसुम जनकल्याण समिति) ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “माँ का सम्मान करना ही जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य है।”
कार्यक्रम का वातावरण अत्यंत भावनात्मक, प्रेरणादायक एवं उत्साहपूर्ण रहा। सभी उपस्थित माताओं को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई, जिससे पूरा आयोजन मातृत्व के प्रति समर्पण और संवेदना का प्रतीक बन गया।


