HomeNEWSडीएम का उर्सला अस्पताल पर औचक निरीक्षण, 22 डॉक्टर समेत 32 स्वास्थ्यकर्मी...

डीएम का उर्सला अस्पताल पर औचक निरीक्षण, 22 डॉक्टर समेत 32 स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित मिले

मरीजों को गुमराह कर रहे दो संदिग्ध दलाल पकड़े गए, बाहरी दवा लिखने पर सख्त चेतावनी

  • मनीष कुमार

कानपुर नगर। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने एडीएम सिटी के साथ सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे उर्सला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में व्यवस्थाओं की हकीकत सामने आई, जहां 22 डॉक्टरों सहित कुल 32 स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित पाए गए।

डीएम ने अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में मरीजों को गुमराह कर रहे दो संदिग्ध दलालों को भी पकड़ा गया।

जिलाधिकारी ने सीएमएस उर्सला को निर्देशित किया कि अस्पताल परिसर में सक्रिय संदिग्ध व्यक्तियों पर लगातार नजर रखी जाए तथा दलाली जैसी गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाई जाए।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं तीमारदारों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में मरीजों को बाहरी दवाएं न लिखी जाएं और अस्पताल में उपलब्ध दवाओं से ही उपचार सुनिश्चित किया जाए।

डीएम ने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और लापरवाही किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments