
एआई, एनीमेशन, गेमिंग और एक्सआर तकनीकों के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर और वैश्विक अवसरों के लिए तैयार करने पर दिया जोर
- अनुराधा सिंह
लखनऊ। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में आयोजित “उत्तर प्रदेश एआई एंड ईवीजीसी-एक्सआर समिट 2026” कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने युवाओं को नई तकनीक, नवाचार और डिजिटल भविष्य के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और एक्सआर जैसी आधुनिक तकनीकें आने वाले समय में युवाओं के लिए रोजगार और आत्मनिर्भरता के नए अवसर तैयार करेंगी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार तकनीक आधारित शिक्षा और स्किल डेवलपमेंट को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नई सोच और आधुनिक तकनीकों को अपनाकर देश और प्रदेश के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि आज का दौर डिजिटल परिवर्तन का है और जो युवा समय के साथ तकनीक को अपनाएगा, वही भविष्य में सफलता प्राप्त करेगा।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि एआई और डिजिटल टेक्नोलॉजी केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और देश को नई दिशा देने की शक्ति भी रखती हैं। उन्होंने युवाओं को नवाचार, स्टार्टअप और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में आगे आने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

समिट में तकनीक एवं मीडिया उद्योग से जुड़े कई प्रतिष्ठित विशेषज्ञों और उद्योग प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर मदन गोपाल शर्मा, रमन शर्मा, माधव ओझा, एप्टेक लिमिटेड के व्होल-टाइम डायरेक्टर एवं चीफ बिजनेस ऑफिसर संदीप वेलिंग, एफआईसीसीआई फॉर एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग एंड कॉमिक्स के पूर्व चेयरमैन आशीष एस. कुलकर्णी, कैनन इंडिया के गौरव मरकन, फिजिक्स वॉला से विजय शाह, व्हाइट एप्पल स्टूडियो के डॉ. राजीव रस्तोगी, एमएएसी के अमित दुआ तथा हुईओन इंडिया के राजीव नागर सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में एआई, एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग, कॉमिक्स और एक्सआर तकनीकों से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने युवाओं को तकनीकी क्षेत्र में करियर की संभावनाओं, डिजिटल उद्योग के बढ़ते दायरे और भविष्य की चुनौतियों के बारे में जानकारी दी।
समिट के दौरान युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। प्रतिभागियों ने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को नई तकनीकों से जोड़ने और उन्हें वैश्विक स्तर के अवसरों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य उत्तर प्रदेश को तकनीक, नवाचार और डिजिटल स्किल के क्षेत्र में अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित करना रहा।


