दूसरे दिन वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूती और राष्ट्रवाद का दिया मंत्र
- सौम्या पाण्डेय
कानपुर नगर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर जिले का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग दूसरे दिन भी बिठूर स्थित पुरुषोत्तम ग्रीन में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण वर्ग में संगठन विस्तार, अंत्योदय, भाजपा के इतिहास एवं वैचारिक अधिष्ठान जैसे विषयों पर वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
आठवें सत्र को संबोधित करते हुए भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष प्रकाश पाल ने “संगठन विस्तार” विषय पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी परिवारवाद नहीं बल्कि विचारवाद पर आधारित संगठन है। भाजपा का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि राष्ट्र चेतना जागृत कर समाज के प्रत्येक वर्ग को राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है।

उन्होंने कहा कि भाजपा का विस्तार भौगोलिक और सामाजिक दोनों स्तरों पर लगातार बढ़ रहा है। बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ किसान, युवा, महिलाएं, श्रमिक, व्यापारी और विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों को पार्टी से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने ओला, उबर, स्विगी और ब्लिंकिट जैसे असंगठित क्षेत्रों में कार्यरत युवाओं को भी संगठन से जोड़ने पर बल दिया।
प्रकाश पाल ने कहा कि “लोक संपर्क, लोक संवाद, लोकमत परिष्कार और लोकमत संग्रह” भाजपा की कार्यपद्धति का आधार है। उन्होंने कहा कि संगठन जितना अधिक परिश्रम करेगा, चुनावों में उतनी ही बड़ी सफलता प्राप्त होगी।

नवम सत्र में उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार मंत्री अजीत पाल ने “अंत्योदय से संतृप्ति तक” विषय पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार योजनाओं की शत-प्रतिशत संतृप्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
दसवें सत्र को संबोधित करते हुए बाबूराम निषाद ने भाजपा के इतिहास और विकास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जनसंघ से भाजपा तक की यात्रा कार्यकर्ताओं के त्याग, समर्पण और राष्ट्रवाद की भावना का परिणाम है।
समापन सत्र को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद रामशंकर कठेरिया ने कहा कि भाजपा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंत्योदय के सिद्धांतों पर आधारित पार्टी है। भाजपा राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक विरासत और भारतीय जीवन मूल्यों को केंद्र में रखकर कार्य करती है।
कार्यक्रम का संचालन संयोजक डॉ. जन्मेजय सिंह ने किया। प्रशिक्षण वर्ग में जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित, सांसद रमेश अवस्थी, विधायक नीलिमा कटियार, सुरेंद्र मैथानी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


