जमीन विवाद में वारिस अली की हत्या का आरोप, पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की कही बात
- अभिषेक कुमार
मैनपुरी। डिंपल यादव ने मैनपुरी के कुरावली क्षेत्र स्थित कौवाटोला में वारिस अली की हत्या के मामले को गंभीर बताते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सांसद डिंपल यादव ने कहा कि मृतक की बेटी प्रार्थिनी द्वारा अपने पिता की हत्या को लेकर नामजद तहरीर दी गई है। परिवार का आरोप है कि जमीन विवाद, दबंगई और लगातार धमकियों के बाद वारिस अली की निर्मम हत्या की गई।
उन्होंने कहा कि यह घटना कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। प्रशासन को मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार करना चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
डिंपल यादव ने कहा कि किसी भी पीड़ित परिवार के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए और कानून का राज कायम रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव न्याय दिलाने की बात कही।


