HomeNEWSरोजगार मेले में केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने युवाओं का बढ़ाया उत्साह

रोजगार मेले में केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने युवाओं का बढ़ाया उत्साह

वाराणसी में 224 अभ्यर्थियों को सौंपे नियुक्ति पत्र, विकसित भारत-2047 के निर्माण में युवाओं की भूमिका को बताया अहम

  • रोशनी सिंह

वाराणसी। शनिवार को वाराणसी में आयोजित रोजगार मेले में युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए अनुप्रिया पटेल ने कहा कि विकसित भारत-2047 के निर्माण में देश के युवाओं की सबसे बड़ी भूमिका होगी। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमता को राष्ट्र निर्माण में लगाने का आह्वान किया।

वाराणसी के बरेका सिनेमा हाल में आयोजित 19वें रोजगार मेले के दौरान केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने विभिन्न केंद्रीय विभागों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। कार्यक्रम में कुल 224 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए, जिनमें रेलवे भर्ती बोर्ड से चयनित 25 अभ्यर्थी भी शामिल रहे। इसके अलावा डाक विभाग, एयरपोर्ट, अर्द्धसैनिक बल, दूरसंचार, बैंकिंग तथा अन्य केंद्रीय विभागों में चयनित युवाओं को भी नियुक्तियां दी गईं।

इस अवसर पर अनुप्रिया पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार मिशन मोड में युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि अब तक आयोजित 18 रोजगार मेलों के माध्यम से करीब 12 लाख युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए जा चुके हैं।

केंद्रीय मंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह उनके जीवन का एक नया अध्याय है। उन्होंने कहा कि इस सफलता के पीछे अभ्यर्थियों की मेहनत के साथ उनके परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों का भी महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने युवाओं से ईमानदारी, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ देश सेवा करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम से पूर्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से देशभर में आयोजित रोजगार मेलों का शुभारंभ किया तथा चयनित अभ्यर्थियों को संबोधित किया। इस दौरान देश के 47 विभिन्न केंद्रों पर 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।

अनुप्रिया पटेल ने कहा कि रोजगार मेलों के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाने और नए अवसर उपलब्ध कराने का सरकार का संकल्प निरंतर जारी है। उन्होंने रेलवे, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा वित्तीय सेवा विभाग सहित विभिन्न मंत्रालयों में चयनित सभी युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी मेहनत और प्रतिबद्धता विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को नई गति प्रदान करेगी।

इस अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन, एडीआरएम अशोक कुमार वर्मा, सीनियर डीसीएम शेख रहमान, सीनियर डीएससी एस. राधाकृष्णन, एयरपोर्ट के सहायक प्रबंधक कुमार आनंद सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान चयनित युवाओं और उनके परिवारों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments