
सीसीटीवी लाइव मॉनिटरिंग, डिजिटल वायरलेस सेवाएं और सुरक्षित संचार व्यवस्था पर विशेष जोर
- अनुराधा सिंह
लखनऊ। योगी आदित्यनाथ ने आज आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में प्रदेश की पुलिस व्यवस्था को अधिक आधुनिक, सुरक्षित एवं तकनीक आधारित बनाने के उद्देश्य से पुलिस रेडियो यूनिट को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस की लोकेशन, मूवमेंट एवं संचार गतिविधियों की गोपनीयता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सभी पुलिस थानों की सीसीटीवी फुटेज की लाइव मॉनिटरिंग के लिए सेंट्रल डैशबोर्ड विकसित करने तथा दूरस्थ क्षेत्रों तक निर्बाध एवं सुरक्षित संचार व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में बेहतर पर्यवेक्षण एवं निगरानी के लिए विभागीय ढांचे को मजबूत बनाने पर भी चर्चा हुई। इस दौरान डीआईजी रेडियो पूर्वी का मुख्यालय आजमगढ़ तथा डीआईजी रेडियो पश्चिमी का मुख्यालय अलीगढ़ में स्थापित किए जाने पर विचार किया गया।
समीक्षा बैठक में 47 करोड़ रुपये की लागत से 12 जनपदों में डिजिटल वायरलेस सेवाएं शुरू करने की कार्ययोजना की जानकारी भी प्रस्तुत की गई। इसके अलावा पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के लिए आधुनिक हैंड हेल्ड वायरलेस संचार व्यवस्था विकसित करने पर भी चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी कार्मिकों का डेटा मानव सम्पदा पोर्टल पर अद्यतन रखा जाए तथा चरित्र पंजिका, अवकाश एवं अन्य सेवा संबंधी कार्य पूरी तरह डिजिटल माध्यम से संचालित किए जाएं।
उन्होंने पुलिस कार्मिकों को नवीनतम तकनीकों, कंप्यूटर प्रशिक्षण एवं संचार गुणवत्ता सुधार संबंधी प्रशिक्षण नियमित रूप से उपलब्ध कराने पर भी बल दिया, ताकि पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं तकनीकी रूप से सक्षम बनाया जा सके।


