HomeNEWSपुलिस महानिदेशक आलोक सिंह ने संभाला एसएसएफ का कार्यभार

पुलिस महानिदेशक आलोक सिंह ने संभाला एसएसएफ का कार्यभार

मुख्यालय, निर्माणाधीन वाहिनी एवं महिला वाहिनी का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

  • अनुराधा सिंह

लखनऊ। दिनांक 25 मई 2026 को आलोक सिंह ने विशेष सुरक्षा बल उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार ग्रहण करने के तुरंत बाद उन्होंने एसएसएफ मुख्यालय, निर्माणाधीन प्रथम एसएसएफ वाहिनी तथा महिला वाहिनी का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिदेशक ने मुख्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था, प्रशासनिक कार्यप्रणाली, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता तथा विभिन्न इकाइयों में उपलब्ध सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से निर्माणाधीन भवनों, बैरकों, प्रशिक्षण स्थलों, कार्यालय व्यवस्थाओं तथा सुरक्षा उपकरणों की जानकारी प्राप्त की।

पुलिस महानिदेशक आलोक सिंह ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण किए जाएं तथा सुरक्षा से जुड़े प्रत्येक पहलू पर विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने महिला वाहिनी के निरीक्षण के दौरान महिला पुलिसकर्मियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं प्रशिक्षण संबंधी तैयारियों की भी समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एसएसएफ को आधुनिक संसाधनों एवं तकनीक से सुसज्जित किया जाए, जिससे महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों एवं संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि विशेष सुरक्षा बल की भूमिका वर्तमान समय में अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसके लिए अनुशासन, प्रशिक्षण तथा त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

इस अवसर पर श्याम नारायण सिंह एवं सर्वानंद सिंह यादव सहित अन्य अधिकारियों ने पुलिस महानिदेशक को विभिन्न परियोजनाओं एवं व्यवस्थाओं की प्रगति से अवगत कराया।

निरीक्षण के दौरान संतोष कुमार, राम दास, पवन कुमार, अशोक कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण उपरांत पुलिस महानिदेशक आलोक सिंह ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि एसएसएफ को प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था का एक मजबूत और अत्याधुनिक बल बनाने के लिए सभी अधिकारी समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने जनहित एवं सुरक्षा से जुड़े कार्यों में तत्परता, अनुशासन एवं जवाबदेही बनाए रखने पर भी बल दिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments