जाजमऊ थाना क्षेत्र में दर्ज हत्या के प्रयास व उगाही मामले में ढाई वर्ष से फरार आरोपी पकड़ा गया
- ऋषभ कुमार
कानपुर नगर। कानपुर पुलिस कमिश्नरेट की टीम ने वर्ष 2023 में दर्ज हत्या के प्रयास और उगाही से संबंधित गंभीर मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए ₹20,000 के इनामी वांछित अभियुक्त मो. मेराजुल हसन (निवासी कर्नलगंज) को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त थाना जाजमऊ में पंजीकृत मुकदमे में पिछले लगभग ढाई वर्षों से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी लखनऊ के चारबाग क्षेत्र से की गई, जहां वह अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था।
अभियुक्त के विरुद्ध हत्या के प्रयास, उगाही, दंगा एवं आपराधिक साजिश सहित कई गंभीर धाराओं में अभियोग पंजीकृत हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि उसके विरुद्ध पूर्व में भी अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं।
जाजमऊ पुलिस एवं सर्विलांस टीम द्वारा संयुक्त रूप से चलाए गए अभियान के तहत अभियुक्त की गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई को पुलिस की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे लंबे समय से फरार चल रहे अपराधी पर शिकंजा कसा गया है।


