पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ किया सम्मानित
- रोशनी सिंह
वाराणसी। जनपदीय व्यावहारिक प्रशिक्षण अवधि सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर परिवीक्षाधीन आईपीएस अधिकारी मानसी दहिया को पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी में भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने उन्हें सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सफल प्रशासनिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
विदाई समारोह के दौरान पुलिस आयुक्त ने कहा कि प्रशिक्षण काल किसी भी अधिकारी के लिए सीखने और अनुभव प्राप्त करने का महत्वपूर्ण चरण होता है। इस अवधि में प्राप्त अनुभव भविष्य में बेहतर पुलिसिंग और जनसेवा के कार्यों में सहायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मानसी दहिया अपनी कार्यकुशलता, नेतृत्व क्षमता और समर्पण के बल पर भारतीय पुलिस सेवा में उत्कृष्ट योगदान देंगी।
इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी उनके साथ कार्य करने के अनुभव साझा किए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह में उपस्थित अधिकारियों ने उनके प्रशिक्षण अवधि के दौरान किए गए कार्यों और सीखने की लगन की सराहना की।
कार्यक्रम का वातावरण भावनात्मक रहा, जहां सहकर्मियों ने उन्हें शुभकामनाओं के साथ विदाई दी। पुलिस कमिश्नरेट परिवार की ओर से मानसी दहिया को भविष्य की नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं प्रदान की गईं।


