HomeNEWSभाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और बेईमानी चरम पर : अखिलेश यादव

भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और बेईमानी चरम पर : अखिलेश यादव

सपा प्रमुख ने भाजपा पर साधा निशाना, 2027 में सत्ता परिवर्तन का किया दावा

  • अखिलेश कुमार अग्रहरि

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार, बेईमानी और झूठ अपने चरम पर पहुंच चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार में “जो जितना बेईमान है, वह उतनी ही ऊंची जगह पर बैठा है।”

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा चुनाव जीतने के लिए हर संभव हथकंडा अपनाती है और हाल ही में भाजपा के एक विधायक द्वारा दिए गए बयान ने पार्टी की कार्यशैली को उजागर कर दिया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि संबंधित विधायक ने भाजपा की राजनीति का “एनकाउंटर” कर दिया है और अब देखना यह है कि पार्टी उनके खिलाफ कार्रवाई करती है या उन्हें और बड़ा दायित्व देती है।

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में भ्रष्टाचार संस्थागत रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के थाने और तहसीलें भ्रष्टाचार के केंद्र बन गई हैं तथा आम जनता को अपने कार्यों के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश में भूमाफिया और खनन माफिया सक्रिय हैं तथा उन्हें सत्ता का संरक्षण प्राप्त है। अखिलेश यादव ने कहा कि अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर और मथुरा जैसे प्रमुख शहरों में भूमि संबंधी अनियमितताओं की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की नीतियों और कार्यशैली से निराश हो चुकी है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी और प्रदेश में नई राजनीतिक दिशा तय करेगी।

सपा प्रमुख ने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों और मुद्दों को पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता ही अंतिम निर्णय करती है और आगामी चुनाव में उसका फैसला महत्वपूर्ण होगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments