HomeNEWSकोआपरेटिव इस्टेट में महिला उद्यमियों को मिला नया मंच, वूमेन इंटरप्रेन्योर विंग...

कोआपरेटिव इस्टेट में महिला उद्यमियों को मिला नया मंच, वूमेन इंटरप्रेन्योर विंग कार्यालय का हुआ शुभारंभ

66 वर्षों के इतिहास में पहली बार महिला उद्यमियों के लिए अत्याधुनिक कार्यालय की शुरुआत

  • सौम्या पाण्डेय

कानपुर नगर। औद्योगिक विकास और महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में कोआपरेटिव इस्टेट, दादा नगर में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। कोआपरेटिव इस्टेट के 66 वर्षों के इतिहास में पहली बार महिला उद्यमियों को संगठित और सशक्त मंच प्रदान करने के उद्देश्य से गठित ‘कोआपरेटिव इस्टेट वूमेन इंटरप्रेन्योर विंग’ के नवीन कार्यालय का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम में कोआपरेटिव इस्टेट, दादा नगर के चेयरमैन विजय कपूर की उपस्थिति में महिला उद्यमियों ने फीता काटकर अत्याधुनिक एवं सर्व-सुविधायुक्त कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर वूमेन इंटरप्रेन्योर विंग की अध्यक्ष रमन कपूर सहित बड़ी संख्या में महिला उद्यमी मौजूद रहीं। उद्घाटन के बाद महिला उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक इस उपलब्धि का जश्न मनाया।

विजय कपूर ने कहा कि यह कार्यालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि महिला उद्यमियों के विचारों, नवाचारों और उपलब्धियों का केंद्र बनेगा। यहां नियमित बैठकों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, व्यावसायिक रणनीतियों और विभिन्न औद्योगिक गतिविधियों की योजनाएं तैयार की जाएंगी। इसका उद्देश्य महिलाओं को उद्योग एवं व्यापार क्षेत्र में बेहतर अवसर, मार्गदर्शन और सहयोग उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित किए बिना औद्योगिक विकास की परिकल्पना अधूरी है। यह पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें नेतृत्व की नई भूमिकाओं में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित होगी।

कार्यक्रम में उपस्थित महिला उद्यमियों, पदाधिकारियों और वरिष्ठ उद्योगपतियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। वक्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि वूमेन इंटरप्रेन्योर विंग आने वाले समय में महिला उद्यमियों के लिए प्रेरणा और सहयोग का प्रमुख केंद्र बनेगा।

समारोह के अंत में सभी सहयोगियों, उद्यमियों और पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए महिला उद्यमिता को नई पहचान और नई उड़ान देने के संकल्प को दोहराया गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments