HomeNEWSआरक्षी भर्ती परीक्षा-2025 के केंद्रों का पुलिस आयुक्त व जिलाधिकारी ने किया...

आरक्षी भर्ती परीक्षा-2025 के केंद्रों का पुलिस आयुक्त व जिलाधिकारी ने किया संयुक्त निरीक्षण

परीक्षा की निष्पक्षता, सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का लिया जायजा, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

  • रोशनी सिंह

वाराणसी। आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा–2025 के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त वाराणसी मोहित अग्रवाल तथा जिलाधिकारी वाराणसी सत्येंद्र कुमार ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश, निगरानी व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों से परीक्षा संचालन संबंधी तैयारियों की जानकारी प्राप्त की और अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी होनी चाहिए, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

अधिकारियों ने सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश जांच, यातायात व्यवस्था तथा सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भर्ती परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए प्रशासन एवं पुलिस पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।

निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सभी ड्यूटी कर्मियों से समन्वय स्थापित कर परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने की अपील की।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments