HomeUncategorizedपुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने पेट्रोल पंप एवं गैस एजेंसी संचालकों के...

पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने पेट्रोल पंप एवं गैस एजेंसी संचालकों के साथ की महत्वपूर्ण बैठक

सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने, सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने और त्वरित सूचना तंत्र विकसित करने पर दिया जोर

  • प्रतीक कुमार

महोबा। पुलिस अधीक्षक महोबा शशांक सिंह ने पुलिस लाइन सभाकक्ष में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए पेट्रोल पंप संचालकों एवं गैस एजेंसी संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की। बैठक का उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत बनाना तथा व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा से संबंधित आवश्यक उपायों पर चर्चा करना रहा।

गोष्ठी के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी संचालकों को अपने प्रतिष्ठानों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने एवं उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी निगरानी अपराध नियंत्रण और किसी भी घटना के त्वरित खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

उन्होंने प्रतिष्ठानों पर पर्याप्त रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी बल दिया, जिससे सुरक्षा संबंधी जोखिमों को कम किया जा सके। इसके साथ ही नकदी के सुरक्षित संचरण एवं लेन-देन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने तथा आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने पेट्रोल पंप एवं गैस एजेंसियों में कार्यरत कर्मचारियों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराने की आवश्यकता पर भी जोर दिया, ताकि सुरक्षा संबंधी किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके।

बैठक में संचालकों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं बेहतर समन्वय के लिए एक साझा व्हाट्सएप ग्रुप बनाए जाने का भी निर्णय लिया गया। इसके माध्यम से पुलिस और संचालकों के बीच सूचना का त्वरित आदान-प्रदान, सतत मॉनिटरिंग तथा सुरक्षा संबंधी सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

गोष्ठी के दौरान उपस्थित संचालकों ने भी अपने सुझाव एवं समस्याएं पुलिस प्रशासन के समक्ष रखीं। पुलिस अधीक्षक ने सभी को आश्वस्त किया कि जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments