HomeNEWSजागृति शुक्ला के हत्यारों की गिरफ्तारी और एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट की मांग...

जागृति शुक्ला के हत्यारों की गिरफ्तारी और एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट की मांग को लेकर अधिवक्ताओं ने सौंपा ज्ञापन

मुख्यमंत्री से दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी, एक करोड़ रुपये मुआवजा और अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए विशेष कानून लागू करने की मांग

  • प्रियंका द्विवेदी

कानपुर नगर। युवा अधिवक्ता जागृति शुक्ला की मृत्यु के मामले में दोषियों की गिरफ्तारी एवं अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर अधिवक्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचा और मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।

इस दौरान पूर्व अध्यक्ष लॉयर्स एसोसिएशन पं. रवीन्द्र शर्मा ने कहा कि प्रदेश में अधिवक्ताओं एवं उनके परिवारों पर लगातार हमले हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में बार संघों को सूचित किए बिना गिरफ्तारियां की जा रही हैं तथा अधिवक्ताओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं बनी हुई हैं।

उन्होंने बताया कि कुछ दिन पूर्व दुर्घटना में घायल हुई इलाहाबाद की युवा अधिवक्ता जागृति शुक्ला सहित अन्य अधिवक्ताओं पर अस्पताल में इलाज के दौरान कथित रूप से जानलेवा हमला किया गया था। इस घटना में गंभीर रूप से घायल हुई जागृति शुक्ला का निधन हो गया। उन्होंने कहा कि मामला दर्ज होने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी न होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।

अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री से मांग की कि जागृति शुक्ला की मृत्यु के लिए जिम्मेदार आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए तथा अधिवक्ताओं और उनके परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू किया जाए।

पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने अधिवक्ताओं से ज्ञापन प्राप्त कर आश्वासन दिया कि इसे आवश्यक कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय को प्रेषित किया जाएगा।

इस अवसर पर पूजा गुप्ता, अनिल दीक्षित, प्रीति त्रिपाठी, एस.डी. सिंह, संजीव कपूर, गौरव शुक्ला, शिवम गंगवार, साजिद खान, मोहित शुक्ला, नवनीत पांडेय, राकेश सिद्धार्थ, अनूप गुप्ता, रिजवान अली, आयुष शुक्ला, चैतन्य जायसवाल, इंद्रेश मिश्रा, वीर जोशी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments