‘बेटी का ब्याह नहीं रहेगा अधूरा’ संकल्प के साथ संस्था ने सामूहिक सहयोग से निभाई सामाजिक जिम्मेदारी
- नरेश राठौर
झांसी। “नर सेवा ही नारायण सेवा है” के मूलमंत्र को चरितार्थ करते हुए अटल सेवा संस्थान (अटल परिवार) ने समाज के सामने मानवता, सहयोग और सामाजिक सरोकार की प्रेरणादायक मिसाल पेश की। संस्था द्वारा एक जरूरतमंद परिवार की बेटी करीना के विवाह को सकुशल संपन्न कराने के लिए सामूहिक सहयोग से ₹21,000 की नगद सम्मान राशि के साथ गृहस्थी का आवश्यक सामान एवं अन्य उपयोगी उपहार भेंट किए गए।
इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष प्रतिपाल सिंह भुसारी ने बताया कि अटल सेवा संस्थान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक अभाव के कारण किसी भी गरीब परिवार की बेटी का विवाह प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि संस्था “बेटी का ब्याह नहीं रहेगा अधूरा, मिलकर करेंगे हर मां-बाप का सपना पूरा” के संकल्प के साथ निरंतर सामाजिक कार्यों में सक्रिय है।

संस्था के सदस्यों, मातृशक्ति एवं समाज के प्रबुद्ध नागरिकों के सहयोग से बिटिया करीना को विवाह उपहार के रूप में बर्तन सेट, सीलिंग फैन, बेडशीट, साड़ियां, श्रृंगार सामग्री, वाटर कैम्पर, हॉट केस सहित गृहस्थी के अनेक आवश्यक सामान प्रदान किए गए। साथ ही ₹21 हजार की नगद सहायता राशि भेंट कर उसके सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दी गईं।
प्रतिपाल सिंह भुसारी ने इस सेवा कार्य में योगदान देने वाले सभी दानदाताओं, पदाधिकारियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के सामूहिक प्रयास और संवेदनशीलता से ही जरूरतमंद परिवारों की सहायता संभव हो पाती है। उन्होंने कहा कि बेटियों के सम्मान और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने संस्था के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए इसे सामाजिक एकता और मानवीय मूल्यों का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। इस अवसर पर अटल सेवा संस्थान के पदाधिकारी, सदस्य एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


