
संकल्प सेवा समिति के विशाल रक्तदान शिविर में शामिल होकर किया रक्तदान के प्रति जागरूक, कहा— मानवता की सबसे बड़ी सेवा है रक्तदान
- राकेश कुमार
कानपुर नगर। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर बर्रा बाईपास स्थित अमेजन डिजिटल केंद्र के निकट संकल्प सेवा समिति, अमेजन डिजिटल केंद्र एवं भोले एडवरटाइजिंग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक अजय कपूर ने सहभागिता करते हुए रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया और रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर अजय कपूर ने कहा कि रक्तदान महादान है और यह मानवता की सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन प्रदान कर सकता है, इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान अवश्य करना चाहिए।

उन्होंने शिविर में उपस्थित रक्तवीरों से संवाद कर उनके सेवा भाव की सराहना की तथा कहा कि समाज के प्रति ऐसी सकारात्मक पहलें लोगों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करती हैं। उन्होंने सभी रक्तदाताओं का अभिनंदन करते हुए उनके योगदान को मानवता के लिए अमूल्य बताया।
रक्तदान शिविर का आयोजन संकल्प सेवा समिति के बैनर तले अभिषेक चौहान, अमित वर्मा एवं आरजू सचान द्वारा किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अविनाश चौहान भी उपस्थित रहे। दोनों नेताओं ने रक्तदान को जनआंदोलन बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

इस अवसर पर अभिषेक चौहान, आरजू सचान, अमित वर्मा, संदीप सचान, दुर्गेश मणि त्रिपाठी, राजन वर्मा, गुलशन चौहान, आर्यन सचान सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता एवं रक्तदाता उपस्थित रहे। रक्तदान शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और मानव सेवा के इस अभियान को सफल बनाया।


